रायपुर। शुक्रवार की देर रात राजधानी के हीरापुर इलाके में एक घटना में एक युवक की मौत हो गई। दरअसल नई पिस्टल लेने की खुशी में कुछ दोस्त पार्टी मना रहे थे। शराब के नशे में दोस्त हुल्लड़ मस्ती कर रहे थे। इसी बीच पिस्टल से फायर हो गया। गोली नीचे एक पत्थर से टकराई और फिर सीधे एक युवक के पेट में धंस गई। युवक को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बीती रात आरोपी बलबीर सिंह और उसके अन्य दोस्त हीरापुर के एक ढाबे में पार्टी मना रहे थे। बलबीर सिंह ने नई पिस्टल खरीदी थी और इसी खुशी में वह दोस्तों को पार्टी दे रहा था। इसी बीच बलबीर के हाथ से पिस्टल का ट्रिगर दब गया और उससे गोली चल गई। गोली एक पत्थर से टकराई और फिर बलबीर के दोस्त आलोक कुमार उपाध्याय के पेट में जाकर धंस गई। घटना के बाद वहां सनसनी फैल गई।
घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने वहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक ठेकेदार का काम करता था। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बलबीर सिंह और उसके एक अन्य साथी लखविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है।