चंडीगढ़। केंद्रीय मंत्री बीरेंद सिंह की पत्नी और भाजपा विधायक प्रेमलता ने दुष्कर्म को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा- बेरोजगारी से परेशान और हताश होकर युवा दुष्कर्म जैसे अपराध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भी लोगों का महिलाओं के प्रति नजरिया ठीक नहीं है और इसी कारण समाज में इस कदर की गिरावट है।
प्रेमलता का यह बयान रेवाड़ी की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले के सामने आने के बाद आया है। बताते चलें कि तीन दिन पहले कनीना बस अड्डे से रेवाड़ी की एक छात्रा का अपहरण कर कुछ युवकों ने उसे नशा देकर सामूहिक दुष्कर्म किया। छात्रा उस समय कोचिंग सेंटर से घर लौट रही थी। सीबीएसई की इस छात्रा को प्रधानमंत्री ने एक समय सम्मानित किया था और उसे राष्ट्रपति से भी पुरस्कार प्राप्त हुआ था।
इस मामले में विधायक ने कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक और दुखद है। इसके लिए समाज के कुछ वर्ग के लोगों का गंदा नजरिया जिम्मेदार है। इतनी प्रगति के बावजूद महिलाओं के प्रति लोगों का नजरिया नहीं बदला है और इसी कारण इस तरह की शर्मनाक घटनाएं हो रही हैं।
जींद जिले के उचाना कलां क्षेत्र से विधायक प्रेमलता ने कहा कि युवा वर्ग रोजगार नहीं मिलने से हताश है और इसी हताशा के कारण युवा दुष्कर्म जैसे अपराध कर रहे हैं। ऐसे युवाओं को अपना भविष्य नजर नहीं आता है और वे ऐसे अपराध कर जाते हैं। उन्होंने कहा कि लड़कियों को देखते ही आदमी की नजर गलत हो जाती है।
प्रेमलता ने कहा कि हरियाणा सरकार ऐसे अपराधों को रोकने के लिए कदम उठा रही है। हरियाणा सराकर ने दुष्कर्म के मामले में फांसी की प्रावधान वाला कानून बनाया है, लेकिन इसे लागू होने में अभी समय लगेगा। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए समाज के सभी वर्ग के लोगों को सामने आना होगा।
विपक्ष का हमला
प्रेमलता के इस बयान पर विवाद शुरू हो गया है और विरोधियों ने उन पर निशाना साधा है। विरोधियों का कहना है कि हरियाणा में बढ़ते अपराध खासकर लड़कियों व महिलाओं के साथ दरिंदगी की घटनाएं बढ़ रही हैं। सरकार इसे रोकने में विफल रही है। ऐसे में भाजपा विधायक सरकार का बचाव करने की कोशिश कर रही हैं।